-स्व. डॉ. आलोक कुमार अभिषेक की स्मृति में श्रद्धांजलि, साहित्यिक सम्मान समारोह एवं कवि गोष्ठी का आयोजन
-प्रथम पुण्यतिथि पर साहित्य, समाज और सेवा के क्षेत्र में योगदान को किया गया याद
मुजफ्फरपुर: शहर के गोला रोड स्थित श्री गांधी पुस्तकालय में रविवार को वरिष्ठ कवि, योगगुरु एवं पुस्तकालय के कोषाध्यक्ष रहे स्वर्गीय डॉ. आलोक कुमार अभिषेक की प्रथम पुण्यतिथि पर “डॉ. आलोक कुमार अभिषेक पुण्य स्मृति पर्व सह साहित्यिक सेवा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री गांधी पुस्तकालय परिवार, नगर के कवियों एवं स्व. डॉ. आलोक कुमार अभिषेक की धर्मपत्नी श्रीमती आशा सिन्हा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. रमेश कुमार केजरीवाल ने की, जबकि संचालन मुकेश पासवान ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. अमरेंद्र नारायण यादव थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित अतिथियों, साहित्यकारों एवं श्रोताओं ने स्व. डॉ. आलोक कुमार अभिषेक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
वक्ताओं ने कहा कि स्व. डॉ. आलोक कुमार अभिषेक श्री गांधी पुस्तकालय के महत्वपूर्ण स्तंभ थे। साहित्य, समाज और संस्था के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए सामाजिक और साहित्यिक क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर प्रथम “डॉ. आलोक कुमार अभिषेक साहित्यिक सेवा सम्मान” शहर के चर्चित शायर एवं गजलकार राम उचित पासवान को अंगवस्त्र और माल्यार्पण के साथ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में धर्मनाथ प्रसाद, शेखर कुमार, डॉ. पुष्पा प्रसाद, डॉ. पुष्पा गुप्ता, सुरेश गुप्ता, डॉ. शिगबतुल्ला हमिदी, मोहन सिन्हा, शुभ नारायण शुभंकर, डॉ. सतीश कुमार साथी, सतेंद्र कुमार सत्येन, ओम प्रकाश गुप्ता, डॉ. हरि किशोर प्रसाद सिंह, उमेश राज, डॉ. जगदीश शर्मा, सुमन कुमार मिश्रा, अंजनी कुमार पाठक, दीनबंधु आजाद, भारती कुमारी, प्रमोद नारायण मिश्र, अरुण कुमार तुलसी, रघुनाथ मोहब्बतपूरिया, मुन्नी चौधरी, रामवृक्ष राम चकपुरी, सुनील कुमार सिंह, देवेंद्र कुमार, मुस्कान केशरी और अजय कुमार सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी एवं स्व. डॉ. आलोक कुमार अभिषेक के प्रशंसक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में स्व. डॉ. आलोक कुमार अभिषेक की स्मृति में कवि गोष्ठी आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता भोजपुरी साहित्य के चर्चित कवि सतेंद्र कुमार सत्येन ने की तथा संचालन डॉ. सतीश कुमार साथी ने किया। कवियों ने स्व. डॉ. आलोक कुमार अभिषेक की स्मृति को समर्पित कविताओं का पाठ कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंत में स्व. डॉ. आलोक कुमार अभिषेक की धर्मपत्नी श्रीमती आशा सिन्हा ने सभी अतिथियों, कवियों, श्रोताओं एवं श्री गांधी पुस्तकालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष के निर्देश पर कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।












