-किन्नरों की कथित अवैध वसूली से बचने के प्रयास में NH-57 पर पलटा ट्रक, चालक-खलासी सुरक्षित
दीपक कुमार/कांटी, मुजफ्फरपुर: कांटी थाना क्षेत्र के सदातपुर शनि मंदिर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-57 पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से गुजर रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि चालक और खलासी दोनों सुरक्षित बच गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को ट्रक से बाहर निकाला गया। दोनों को मामूली चोटें आने की जानकारी मिली है।

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, ट्रक चालक सड़क पर मौजूद लोगों से बचने के प्रयास में वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक पलट गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सदातपुर शनि मंदिर के पास कुछ किन्नरों द्वारा सुबह और शाम के समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़े वाहनों को रोककर कथित रूप से पैसे की मांग की जाती है। लोगों का कहना है कि इससे सड़क पर यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए एनएच-57 पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने की मांग की है।
फिलहाल, इस मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।












