Advertisement

मुजफ्फरपुर पुलिस के बुलडोजर एक्शन से फरार अपराधियों में खौफ, दो बड़े आरोपियों ने किया सरेंडर

-मुजफ्फरपुर पुलिस के बुलडोजर एक्शन से फरार अपराधियों में खौफ, दो बड़े आरोपियों ने किया सरेंडर

मुजफ्फरपुर: बिहार में इन दिनों अपराधियों और लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस की आक्रामक कार्रवाई का बड़ा असर सामने आया है, जहां कुर्की-जब्ती और बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी के बीच दो फरार आरोपियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

पहली कार्रवाई मोतीपुर थाना क्षेत्र के बगही मालिकाना गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, कई मामलों में नामजद और लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त सुभाष भगत उर्फ सुरेश महतो के खिलाफ न्यायालय द्वारा कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया गया था। आदेश के अनुपालन में मोतीपुर थाना पुलिस भारी सुरक्षा बल, क्रेन और बुलडोजर के साथ उसके घर पहुंची। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही अभियुक्त ने घर टूटने और संपत्ति जब्त होने के डर से थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

वहीं दूसरी कार्रवाई मोरसंडी मठिया गांव में देखने को मिली। पुलिस की हिट लिस्ट में शामिल फरार अभियुक्त विजय राय के खिलाफ भी कानूनी शिकंजा कसने के लिए टीम गांव पहुंची थी। पुलिस का काफिला और बुलडोजर घर के बाहर पहुंचते ही अभियुक्त और उसके परिजनों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई की आशंका के बीच विजय राय ने भी पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

मुजफ्फरपुर पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों ने जिले के फरार अपराधियों और वारंटियों के बीच सख्त संदेश दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से कानून से बचने की कोशिश कर रहे आरोपियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। कोर्ट के आदेश के बाद फरार अभियुक्तों के घरों पर मुनादी और कुर्की-जब्ती जैसी कानूनी प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है।

लगातार दबिश, कुर्की-जब्ती और सख्त पुलिस कार्रवाई से अपराधियों में डर का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस के इस कड़े रुख से अपराध पर लगाम लगेगी और आम लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत होगा।