Advertisement

23 मई को 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे प्रधानमंत्री मोदी, 19वें रोजगार मेले का होगा आयोजन

-23 मई को 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे प्रधानमंत्री मोदी, 19वें रोजगार मेले का होगा आयोजन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 मई 2026 को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।

रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की केंद्र सरकार की पहल के तहत आयोजित यह रोजगार मेला युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार के अनुसार रोजगार मेले की शुरुआत के बाद अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से देशभर में लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।

19वें रोजगार मेले का आयोजन देश के 47 विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। इसमें देशभर से चयनित अभ्यर्थी केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में अपनी सेवाएं देंगे।

नव नियुक्त उम्मीदवार रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग सहित कई केंद्रीय विभागों में नियुक्ति प्राप्त करेंगे।

केंद्र सरकार का कहना है कि रोजगार मेला युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाने की दिशा में एक अहम पहल है। कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी सेवाओं में पारदर्शी एवं त्वरित नियुक्ति प्रक्रिया को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।