-मुजफ्फरपुर जंक्शन पर दिनदहाड़े बाइक चोरी की कोशिश नाकाम
-मजदूरों की सतर्कता से पकड़ा गया युवक
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर चोरी की घटनाओं को लेकर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार को पार्सल कार्यालय के पास आगरा भेजने के लिए बुक की गई एक बाइक चोरी करने की कोशिश का मामला सामने आया। हालांकि, मौके पर मौजूद मजदूरों की सतर्कता से आरोपित को पकड़ लिया गया और रेल पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, आगरा भेजने के लिए एक बाइक को पार्सल कार्यालय में पैक कर रखा गया था। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और बाइक की पैकिंग खोलने की कोशिश करने लगा। पैकिंग कार्य में लगे मजदूर की नजर युवक की गतिविधियों पर पड़ी, जिसके बाद उसे संदेह हुआ।

मजदूर ने युवक से पैकिंग खोलने का कारण पूछा तो वह घबरा गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा। युवक की हरकत देख वहां मौजूद मजदूरों और अन्य लोगों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक की पहचान मीनापुर थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर रेल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि पकड़ा गया युवक कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। रेल पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में किसी गिरोह की संलिप्तता तो नहीं है।
घटना के बाद जंक्शन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यात्रियों और पार्सल कारोबारियों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने रेलवे प्रशासन से जंक्शन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की मांग की है।












