-साहेबगंज में महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी हिरासत में, एफएसएल टीम जांच में जुटी
मुजफ्फरपुर। जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव में देर रात एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान महेश पासवान की पत्नी के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात परिस्थितियों में घर में घुसकर महिला को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) साहेबगंज ले जाया गया, जहां रात करीब एक बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी रंजीत पासवान को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी की बेटी ने कुछ समय पहले मृतका के देवर के साथ भागकर शादी कर ली थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था और आरोपी द्वारा पूर्व में धमकी दिए जाने की भी बात सामने आ रही है।
घटना की सूचना पर सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर मौके पर पहुंचीं और मामले की जानकारी ली। वहीं, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।












