Advertisement

शिवहर में प्रमुख के भाई की गोली मारकर हत्या, शव गांव पहुंचते ही सड़क जाम और आगजनी

-शिवहर में प्रमुख के भाई की गोली मारकर हत्या, शव गांव पहुंचते ही सड़क जाम और आगजनी

शिवहर। बिहार के शिवहर जिले में पुरनहिया प्रखंड प्रमुख के छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद बुधवार सुबह शव गांव पहुंचते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आगजनी की और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, मृतक समोद साह बसंतपट्टी बाजार में किराना, हार्डवेयर और खाद की दुकान चलाते थे। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर बाइक से अपने पैतृक गांव बखार चंडिहा लौट रहे थे। इसी दौरान बसंत बाजार और दुबे टोला मोड़ के पास पहले से घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल समोद साह की मौत हो गई।

बुधवार सुबह शव गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने बसंतपट्टी चौक को जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। लोगों ने हत्या में शामिल अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

स्थिति तनावपूर्ण होने पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सूचना मिलने पर समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता और एसपी शुभांक मिश्रा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।

एसपी ने भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हत्या में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।