Advertisement

मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, जमीन कारोबार से जुड़ा था मृतक

-मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, जमीन कारोबार से जुड़ा था मृतक

मुजफ्फरपुर।जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ इलाके में बुधवार को अपराधियों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

मृत युवक की पहचान अंकित कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से वैशाली जिले के महुआ का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह मुशहरी स्थित अपने ननिहाल में रहकर जमीन खरीद-बिक्री का काम करता था।

जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने अंकित कुमार को कई गोलियां मारीं। गोली उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में लगी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक करीब पांच राउंड फायरिंग की बात सामने आ रही है।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मुशहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी तथा एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

सिटी एसपी ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। शुरुआती जांच में जमीन खरीद-बिक्री के काम और संभावित जमीन विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।