Advertisement

बारात में खूनी हमला, तलवार-रॉड से वार कर दूल्हे पक्ष को किया घायल, जेवर-नकदी लूटने का आरोप

-बारात में खूनी हमला, तलवार-रॉड से वार कर दूल्हे पक्ष को किया घायल, जेवर-नकदी लूटने का आरोप

मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक।जिले के पियर थाना क्षेत्र में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात में घुसकर कुछ लोगों ने दूल्हे पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में कई बाराती घायल हो गए, जबकि लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूटने का भी आरोप लगाया गया है।

जानकारी के अनुसार, सकरा थाना क्षेत्र के रामपुर बखरी गांव से बारात बंदरा प्रखंड के फुंदेना चौक पहुंची थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही बारात दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची, उसी दौरान 10 से 15 की संख्या में कुछ लोग तलवार, लाठी और लोहे की रॉड लेकर वहां पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए अचानक बारातियों पर हमला बोल दिया।

पीड़ित पक्ष के मुताबिक, हमलावरों ने बारात में शामिल लोगों के साथ जमकर मारपीट की और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की। इस दौरान दूल्हे के मौसेरे भाई अमर कुमार के सिर पर तलवार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में कई अन्य लोगों के भी घायल होने की बात सामने आई है।

आरोप है कि हमलावर शादी के लिए लाए गए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य सामान से भरा बैग भी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए पहले बंदरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया गया।

पीड़ित पक्ष ने पियर थाना में आवेदन देकर नामजद एवं अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।पीयर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने देर रात बताया कि बन्दरा में बाराती में मारपीट घटनाक्रम को लेकर पीड़ित पक्ष के द्वारा आवेदन मिला है।मामले की प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्यवाई की जा रही है।