Advertisement

भाजपा विधायक के भतीजे पर जानलेवा हमला, बेल्ट-रॉड से पीटा; सोने की चेन और अंगूठियां लूटीं

-भाजपा विधायक के भतीजे पर जानलेवा हमला, बेल्ट-रॉड से पीटा; सोने की चेन और अंगूठियां लूटीं

नवादा। जिले में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हिसुआ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अनिल सिंह के भतीजे कुंदन कुमार (29) पर बदमाशों ने बेरहमी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने मारपीट के दौरान लूटपाट की घटना को भी अंजाम दिया। घायल कुंदन कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि कुंदन कुमार ट्रैक्टर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही काले रंग की ब्रेजा कार ने साइड मांगी, लेकिन सड़क पर जगह नहीं होने के कारण वे साइड नहीं दे सके। इस बात को लेकर गंगटा मुसहरी के पास कार सवार लोगों ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ देर विवाद होने के बाद आरोपी वहां से चले गए।

हालांकि मामला यहीं शांत नहीं हुआ। आरोप है कि कुछ देर बाद वही लोग चंदन कुमार के घर फुलमा पहुंच गए और दोबारा हंगामा करने लगे। इस दौरान कुंदन कुमार ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। लेकिन बाद में जब वे अपनी बहन के घर सकरपुरा डेरमा जा रहे थे, तभी आरोपियों ने अपने 10 से 15 अन्य साथियों को बुला लिया और बाइक से उनका पीछा शुरू कर दिया।

जसौली रेलवे फाटक के पास बदमाशों ने कुंदन कुमार को घेर लिया और बेल्ट, डंडे तथा लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनका सिर फट गया, जबकि पेट और पैर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। आरोपियों ने उनके गले से दो भर सोने की चेन, हाथ से दो भर का ब्रेसलेट और चार सोने की अंगूठियां भी छीन लीं। लूटे गए जेवरात की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

मारपीट के बाद बदमाश घायल अवस्था में उन्हें फ्रंटलाइन स्कूल के पास छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद नेमदरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।