Advertisement

बारात से लौटने से पहले मौत: रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

बारात से लौटने से पहले मौत: रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक।दोस्त के साथ बारात गए एक युवक की संदिग्ध मौत से बंदरा प्रखंड में सनसनी फैल गई। पिरापुर निवासी 40 वर्षीय कैलाश राय का शव गुरुवार सुबह सिहो रेलवे ट्रैक के पास खून से लथपथ हालत में बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।

जानकारी के अनुसार कैलाश राय बुधवार शाम अपने दोस्त लक्ष्मण राम के साथ सकरा थाना क्षेत्र के निरपुर गांव में बारात गए थे। परिजनों को उम्मीद थी कि वह रात में या सुबह तक घर लौट आएंगे, लेकिन गुरुवार सुबह उनकी मौत की खबर पहुंची। रेलवे ट्रैक के किनारे शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

गांव में शव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन मृतक के साथ बारात गए दोस्त और पूरी घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। परिजन इसे हादसा मानने से इनकार कर रहे हैं और साजिश के तहत हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं। नाराज परिजनों ने शव को साथी लक्ष्मण राम के दरवाजे पर रखकर पुलिस कार्रवाई की मांग की और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।

मामले की सूचना पर पियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

पियर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि मृतक अपने दोस्त के साथ सकरा थाना क्षेत्र में बारात में गया था, जिसके बाद सिहो रेलवे ट्रैक के पास उसका शव मिला। जीआरपी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि परिजन हत्या की आशंका जता रहे थे और कार्रवाई की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों के मदद से पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने-बुझाने के बाद अंतिम संस्कार कराया गया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट,उपलब्ध साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर जीआरपी पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थानीय पुलिस और जीआरपी संदर्भित मामले में आवश्यक कार्यवाई में जुटी है।