-झरिया में बिजली कटौती कम करने की मांग को लेकर डीवीसी अधिकारियों से मिला प्रतिनिधिमंडल
जोरापोखर/झरिया।सतीश:झरिया क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और उससे आम लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने राजीव शर्मा के नेतृत्व में डीवीसी के उप महाप्रबंधक एस.के. हांडाल से पुटकी स्थित कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने झरिया क्षेत्र में बिजली कटौती में कमी लाने, वैकल्पिक व्यवस्था बहाल करने तथा डीवीसी द्वारा की जा रही कटौती की स्पष्ट जानकारी साझा करने की मांग उठाई।
बैठक के दौरान उप महाप्रबंधक एस.के. हांडाल ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर डीवीसी की ओर से आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल और अधिकारियों के बीच झरिया क्षेत्र में बिजली संकट को कम करने तथा जेबीवीएनएल और डीवीसी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जल्द संयुक्त बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी।

इस संबंध में राजीव शर्मा ने डीवीसी के महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा से भी वार्ता कर संयुक्त बैठक बुलाने का आग्रह किया। महाप्रबंधक ने उप महाप्रबंधक एस.के. हांडाल से चर्चा कर इसी सप्ताह बैठक आयोजित करने पर सहमति जताई।
बैठक में धनबाद निर्माण के झरिया क्षेत्र संयोजक एवं खुदरा वस्त्र व्यवसाई संघ के अध्यक्ष उपेंद्र गुप्ता ने झरिया में बिजली कटौती कम करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। वहीं धनबाद निर्माण के सह संयोजक शिव चरण शर्मा ने डीवीसी और जेबीवीएनएल के बीच बेहतर तालमेल बनाने, झरिया के फीडर संख्या 1, 2 और 3 में लोड बैलेंस करने तथा आरएमयू स्विच की जल्द मरम्मत कराने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल में पुटकी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष हीरा शर्मा, पुटकी बाजार चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव मुर्तजा अंसारी, बबलू बरनवाल सहित कई लोग मौजूद रहे। वहीं डीवीसी की ओर से के.बी. प्रसाद, डी. बर एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।











