-मानदेय भुगतान में देरी पर भड़के स्वच्छता कर्मी, राजापाकर प्रखंड कार्यालय में हंगामा
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड कार्यालय परिसर में पंचायत के कई स्वच्छता कर्मियों ने मानदेय राशि का भुगतान नहीं होने पर जमकर हल्ला-हंगामा किया। आक्रोशित कर्मियों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह से मिलकर अपनी समस्याओं को रखा और शीघ्र भुगतान की मांग की।
पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक गौरव कुमार के नेतृत्व में स्वच्छता कर्मी राजीव कुमार, पप्पू राम, प्रियंका देवी, मुंद्रिका बैठा, विमल राम, गुड्डू कुमार, सुरेश राम सहित अन्य कर्मियों ने बीडीओ कार्यालय पहुंचकर बताया कि लंबे समय से मानदेय राशि का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने सभी कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा भलुई पंचायत के मुखिया उपेंद्र राय एवं पंचायत सचिव रामनरेश कुमार से बातचीत कर जल्द भुगतान कराने का आश्वासन दिया।

स्वच्छता पर्यवेक्षक गौरव Kumar ने बताया कि प्रखंड की अन्य पंचायतों में स्वच्छता कर्मियों का मानदेय भुगतान हो चुका है, लेकिन भलुई पंचायत में अब तक भुगतान नहीं होने से कर्मियों में भारी आक्रोश है।
वहीं, भलुई पंचायत के अनुरक्षकों ने भी मानदेय राशि नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। अनुरक्षक पंकज कुमार साह ने कहा कि अन्य पंचायतों में अनुरक्षकों का भुगतान कर दिया गया है, लेकिन भलुई पंचायत के कर्मियों को अब तक राशि नहीं मिली है।
इस मामले पर पंचायती राज पदाधिकारी सिद्धू रंजन कुमार सिन्हा ने बताया कि भलुई पंचायत में कुछ तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई है, जिसे जल्द दूर कर स्वच्छता कर्मियों एवं अनुरक्षकों के मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा।













