-शिक्षा का संकल्प लेकर विद्यार्थियों ने निकाली पदयात्रा, निमेष शुक्ला ने किया प्रेरित
भागलपुर। गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर चम्पानगर, भागलपुर में विद्यार्थियों ने “शिक्षा का संकल्प” लेकर पदयात्रा निकाली। इस अवसर पर शिक्षाविद् एवं मार्गदर्शक निमेष शुक्ला के नेतृत्व में संचालित 201 दिवसीय राज्यव्यापी “शिक्षा संकल्प यात्रा” के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा संकल्प यात्री निमेष शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास करने तथा शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने समय का सदुपयोग करते हुए अध्ययन की सही पद्धति अपनानी चाहिए, तभी वे भविष्य में बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।

नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय और मुंगेर सहित चार जिलों की यात्रा पूरी करने के बाद अब यह अभियान भागलपुर पहुंचा है, जहां विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। शिक्षा संकल्प यात्रा का उद्देश्य बिहार के मेधावी एवं जिज्ञासु विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें “अध्ययन वीर” के रूप में तैयार करना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने शिक्षा संकल्प यात्री निमेष शुक्ला, समाजसेवी दिलीप मिश्रा, पत्रकार विनोद कुमार तथा कार्यक्रम संयोजक परमेश्वर सिंह का स्वागत किया। उन्होंने शिक्षा संकल्प यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थी यदि अपना लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करें तो सफलता अवश्य प्राप्त होती है।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।












