Advertisement

राजापाकर CHC में प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत 63 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

-राजापाकर CHC में प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत 63 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 63 गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने बताया कि शिविर में महिलाओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, एचआईवी, वजन सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं। जांच के उपरांत सभी को आयरन, कैल्शियम और विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स की गोलियां दी गईं।

शिविर में मौजूद चिकित्सक डॉ. मनीषा ने गर्भवती महिलाओं को विशेष सलाह देते हुए कहा कि इस अवस्था में भारी वजन उठाने से बचें और खान-पान पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने बताया कि पौष्टिक आहार जैसे हरी सब्जियां, फल, दूध, अंडा और मछली का नियमित सेवन जच्चा-बच्चा दोनों के लिए लाभकारी होता है।

डॉ. मनीषा ने यह भी सलाह दी कि प्रसव हमेशा नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में ही कराएं, जहां प्रशिक्षित डॉक्टर और नर्सों द्वारा सुरक्षित प्रसव सुविधा उपलब्ध होती है। इससे न केवल जच्चा-बच्चा सुरक्षित रहते हैं, बल्कि आर्थिक बोझ भी कम होता है।

शिविर के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों और वार्डों से गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने सभी महिलाओं से अपील की कि गर्भावस्था के दौरान हर महीने तीन बार आयोजित होने वाले शिविर में नियमित रूप से जांच कराएं, ताकि मां और शिशु दोनों स्वस्थ और सुरक्षित रह सकें।

शिविर में डॉ. श्याम बाबू, डॉ. पूजा, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, डॉ. मनीषा सहित एएनएम शोभा कुमारी, गुंजन कुमारी, पूजा कुमारी, किरण कुमारी, हेमा कुमारी एवं शांति कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहयोग दिया।