Advertisement

मुजफ्फरपुर होमगार्ड कैंप में प्रशिक्षु जवान की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

-मुजफ्फरपुर होमगार्ड कैंप में प्रशिक्षु जवान की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर शहर के सिकंदरपुर स्थित होमगार्ड के आधुनिक प्रशिक्षण कैंप में सोमवार रात एक प्रशिक्षु जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पटना जिले के सिगोरी थाना क्षेत्र के पतरिंगा गांव निवासी 23 वर्षीय सोनू कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे सोनू कुमार का शव कैंप के मुख्य गेट के पास स्थित मंदिर के समीप जमीन पर पड़ा मिला। वह मुंह के बल गिरा हुआ था। साथी जवानों द्वारा तत्काल उसे उठाकर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही होमगार्ड कमांडेंट अमीर इसरार और नगर थानेदार जय प्रकाश कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।

फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक आशंका हार्ट अटैक या गिरने से सिर में लगी चोट को लेकर जताई जा रही है। पुलिस अन्य प्रशिक्षु जवानों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि सोनू कुमार की ट्रेनिंग महज आठ दिनों बाद पूरी होने वाली थी और वह पासिंग आउट परेड की तैयारी कर रहा था। वह 15 जनवरी को पटना जिला बल से प्रशिक्षण के लिए मुजफ्फरपुर आया था।

मृतक के ममेरे भाई विकास कुमार ने बताया कि घटना से कुछ मिनट पहले ही उनकी सोनू से फोन पर बात हुई थी। सोनू ने बताया था कि उसने खाना खा लिया है और अब बर्तन धोने जा रहा है। इसके तुरंत बाद उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

कमांडेंट के अनुसार, सोनू पूरे दिन ट्रेनिंग में सक्रिय रूप से शामिल रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रात में भोजन के बाद वह बैरक की ओर जा रहा था, तभी मंदिर के पास अचेत अवस्था में पाया गया।

पोस्टमार्टम के बाद कैंप में जवान को शोक सलामी दी जाएगी, जिसके बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।