-भलुई में 24 घंटे का अखंड श्री रामधुन अष्टयाम महायज्ञ शुरू, 251 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा
राजापाकर (वैशाली)। प्रखंड क्षेत्र के भलुई पंचायत अंतर्गत महेश ग्राम स्थित काली स्थान परिसर में आयोजित 24 घंटे का अखंड श्री रामधुन अष्टयाम महायज्ञ को लेकर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में 251 महिलाओं ने हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और गाजे-बाजे के साथ भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।
कलश यात्रा चेचर घाट से गंगाजल लेकर भलुई हाट पहुंची, जहां आचार्य हरेंद्र झा और कन्हाई झा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश में गंगाजल भरा गया। इसके बाद यात्रा विभिन्न चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए यज्ञ स्थल पहुंची। यहां यज्ञ स्थल की पांच बार परिक्रमा कर धार्मिक अनुष्ठान के साथ कलश स्थापित किया गया।

जानकारी के अनुसार, पचई महेश निवासी हरेंद्र झा उर्फ हल्लाह बाबा द्वारा प्रत्येक वर्ष काली स्थान परिसर में इस अखंड श्री रामधुन अष्टयाम महायज्ञ का आयोजन किया जाता है। कलश यात्रा के साथ ही 24 घंटे का महायज्ञ विधिवत शुरू हो गया, जो अगले दिन संपन्न होगा।
सोमवार को अष्टयाम यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद रात्रि में दरभंगा के प्रसिद्ध व्यास खुशबू झा द्वारा विवाह कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
कलश यात्रा और यज्ञ को देखने के लिए बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे यज्ञ स्थल पर जुटे। भक्ति गीतों और मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यह आयोजन ग्रामवासियों के सहयोग से संपन्न हो रहा है।
यज्ञ के सफल आयोजन में ललन झा, उमेश झा, शुभनाथ झा, विवेक झा, कन्हाई झा सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











