-इमली चट्टी चौक पर पुलिस-भीड़ भिड़ंत, 24 घंटे में फरार चालक गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र स्थित इमली चट्टी चौक पर सड़क हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच हुई झड़प ने इलाके में सनसनी फैला दी। मामूली टक्कर से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक टकराव में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम ट्रैफिक जाम के दौरान एक स्कॉर्पियो और बाइक के बीच हल्की टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे उग्र रूप लेती गई। स्थिति बिगड़ने पर बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
इसी दौरान स्थानीय लोगों का विरोध भड़क उठा और माहौल तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते पुलिस और भीड़ के बीच झड़प शुरू हो गई। अफरा-तफरी का फायदा उठाकर स्कॉर्पियो चालक पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और तूल पकड़ गया।
पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए तीन नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार छापेमारी अभियान चलाया गयाl

बरियारपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर फरार स्कॉर्पियो चालक सुशील कुमार को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह फिरोजपुर का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना एक मामूली टक्कर से शुरू हुई थी, लेकिन असामाजिक तत्वों के हस्तक्षेप से मामला बिगड़ गया। पुलिस पर हमला और अभिरक्षा से फरार होना गंभीर अपराध है, जिस पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।











