-मुजफ्फरपुर में ‘ऑपरेशन जंगल रेड’: झाड़ियों के बीच छिपा लाखों का विदेशी शराब जखीरा बरामद
मुजफ्फरपुर। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हथौड़ी थाना पुलिस ने जंगल में छिपाए गए विदेशी शराब के बड़े जखीरे का पर्दाफाश किया है। डोकरामा गांव के समीप घने जंगल और झाड़ियों के बीच चल रहे इस गुप्त अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी कर करीब 200 लीटर विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हथौड़ी थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके के जंगल में शराब माफियाओं ने भारी मात्रा में शराब छिपा रखी है और देर रात इसे अलग-अलग जगहों पर सप्लाई करने की तैयारी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए रणनीति बनाई और “ऑपरेशन जंगल रेड” शुरू किया।

पुलिस टीम ने सुनसान और झाड़ियों से घिरे इलाके में घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद छिपाकर रखी गई शराब को बरामद कर लिया गया। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए, जिसके कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन लोग हैं, शराब कहां से लाई जा रही थी और किन ठिकानों पर खपाई जानी थी।
फिलहाल इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है और संदिग्ध स्थानों पर नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई के बाद शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है, लेकिन अब भी सवाल बना हुआ है कि इस गैरकानूनी धंधे की जड़ें आखिर कितनी गहरी हैं।












