Advertisement

राजापाकर में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, 27 अप्रैल को प्रपत्र-1 का प्रकाशन

-राजापाकर में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, 27 अप्रैल को प्रपत्र-1 का प्रकाशन

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। आगामी पंचायत चुनाव को लेकर प्रखंड कार्यालय राजापाकर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में 27 अप्रैल को प्रपत्र-1 का प्रकाशन किया जाएगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि प्रपत्र-1 में ग्राम पंचायत सदस्य और ग्राम कचहरी पंच के लिए जनसंख्या, राजस्व ग्राम एवं चौहद्दी की प्रविष्टि वर्ष 2015 में प्रकाशित प्रपत्र-1 के अनुरूप की जाएगी।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत मुखिया एवं ग्राम कचहरी सरपंच के प्रपत्र-1 में जनसंख्या से संबंधित आंकड़े ग्राम पंचायत सदस्य और ग्राम कचहरी पंच के आधार पर प्रदर्शित होंगे। वहीं पंचायत समिति सदस्य पद के लिए भी जनसंख्या आंकड़े संबंधित ग्राम पंचायत के आधार पर तय किए जाएंगे। जिला परिषद सदस्य पद के लिए सभी ग्राम पंचायतों के कुल जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर प्रपत्र तैयार किया जाएगा।

इसके अलावा ग्राम कचहरी एवं सरपंच पद के लिए थाना संख्या और निर्वाचन क्षेत्र का विवरण अंकित किया जाएगा, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य के लिए प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र का नाम एवं विस्तार भी दर्ज रहेगा।

प्रपत्र-1 का प्रकाशन ग्राम पंचायत, ग्राम कचहरी एवं पंचायत समिति सदस्य पद के लिए ग्राम पंचायत कार्यालय और प्रखंड कार्यालय में किया जाएगा। वहीं जिला परिषद सदस्य पद के लिए प्रखंड, अनुमंडल और जिला पदाधिकारी कार्यालय में इसे प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रारूप प्रकाशन के बाद 14 दिनों के भीतर आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। आपत्ति दाखिल करने की अवधि 27 अप्रैल से 11 मई तक निर्धारित की गई है। प्राप्त आपत्तियों का निष्पादन 14 मई तक किया जाएगा, जबकि आपत्ति वादों का अंतिम निपटारा 18 से 22 मई के बीच होगा। प्रपत्र-1 का अंतिम प्रकाशन 25 मई को किया जाएगा।