Advertisement

इंटरकास्ट मैरिज से खफा भाई बना हत्यारा: बहनोई को बुलाकर रास्ते में उतारा मौत के घाट

-इंटरकास्ट मैरिज से खफा भाई बना हत्यारा: बहनोई को बुलाकर रास्ते में उतारा मौत के घाट

मुजफ्फरपुर। जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी ही बहन के अंतर्जातीय प्रेम विवाह से नाराज होकर उसके पति की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, खुशेदा गांव निवासी सुनील कुमार ने वर्ष 2024 में केसरिया की रहने वाली शिल्पी कुमारी से प्रेम विवाह किया था। यह शादी अंतर्जातीय होने के कारण शिल्पी का भाई सुमंत कुमार इससे नाराज चल रहा था।

बताया जाता है कि 17 अप्रैल को सुमंत कुमार ने अपने बहनोई सुनील को फोन कर ससुराल आने के लिए बुलाया। सुनील स्कूटी से निकला, लेकिन रास्ते में ही संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया। इसके बाद पत्नी शिल्पी कुमारी ने थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया।

जांच के दौरान पुलिस को सुनील की स्कूटी मोतिहारी जिले के बिजधरी थाना क्षेत्र में नहर के पास लावारिस हालत में मिली। पुलिस ने जब मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली तो आखिरी कॉल सुमंत कुमार का पाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर बधना चौड़ इलाके से सुनील का शव मिट्टी में दबा हुआ बरामद किया गया। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।

पीड़िता शिल्पी कुमारी ने बताया कि उसे पहले से ही अपने भाई की नाराजगी का अंदेशा था, लेकिन वह इतनी बड़ी घटना को अंजाम देगा, यह नहीं सोचा था। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।