-खगड़िया में शिक्षक की मिसाल: भीषण गर्मी में बच्चों को बांटे छाते, इंसानियत की बनी छांव
खगड़िया। सियासत और प्रशासनिक हलचल के बीच कभी-कभी ऐसी खबर सामने आती है, जो सिस्टम से ज्यादा इंसानियत को रोशन कर देती है। जिले के चौथम प्रखंड से एक ऐसी ही दिल छू लेने वाली पहल सामने आई है, जहां भीषण गर्मी और लू के बीच एक शिक्षक ने बच्चों के लिए राहत की छांव तैयार कर दी।
मध्य विद्यालय शर्मा टोला मोहनिया के प्रधानाध्यापक जय जय राम यादव ने अपनी निजी राशि खर्च कर करीब दो दर्जन छात्र-छात्राओं को छाते वितरित किए। ये बच्चे रोजाना लगभग एक किलोमीटर का सफर तपती धूप में तय कर स्कूल पहुंचते हैं। ऐसे में छाते उनके लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं।

जहां एक ओर गर्मी ने जनजीवन को बेहाल कर रखा है, वहीं इस पहल ने शिक्षा व्यवस्था के संवेदनशील चेहरे को उजागर किया है। प्रधानाध्यापक का यह कदम महज मदद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का उदाहरण बन गया है।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षक ही असल मायनों में सिस्टम के हीरो होते हैं, जो किताबों के साथ बच्चों की सुरक्षा और भलाई का भी ख्याल रखते हैं।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब कई जगह शिक्षा व्यवस्था औपचारिकताओं तक सीमित नजर आती है। वहीं जय जय राम यादव जैसे शिक्षक यह संदेश दे रहे हैं कि असली शिक्षा सेवा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से शुरू होती है। उनका यह प्रयास न सिर्फ बच्चों को राहत दे रहा है, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश भी दे रहा है कि बदलाव छोटे-छोटे लेकिन दिल से किए गए कार्यों से ही आता है।













