-मुजफ्फरपुर में स्कूल गेट पर शिक्षिकाओं की मारपीट, वीडियो वायरल—शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मुजफ्फरपुर। शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाली एक घटना ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां एक निजी स्कूल का गेट अचानक विवाद और मारपीट का अखाड़ा बन गया। स्कूल प्रबंधन और दो शिक्षिकाओं के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
घटना के वक्त स्कूल गेट पर अभिभावक और बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ी और फिर लात-घूंसे चलने लगे। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बहस धीरे-धीरे उग्र हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। जिस स्थान को अनुशासन और मर्यादा का प्रतीक माना जाता है, वहीं इस तरह का दृश्य लोगों को हैरान कर रहा है।

सूत्रों के अनुसार, स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि दोनों शिक्षिकाएं बिना सूचना के अक्सर अनुपस्थित रहती थीं, जिसके कारण उनके वेतन पर रोक लगाई गई थी। वहीं शिक्षिकाओं का कहना है कि उन्हें मार्च महीने का वेतन अब तक नहीं मिला और उनके साथ आर्थिक शोषण किया जा रहा है। इसी विवाद ने तूल पकड़ लिया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थाना पुलिस मौके पर सक्रिय हुई। थाना प्रभारी विपिन रंजन ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ आवेदन दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सवाल उठ रहा है कि अगर विवाद गंभीर था, तो उसे बातचीत के जरिए सुलझाने के बजाय सार्वजनिक रूप से इस तरह का विवाद क्यों हुआ? बच्चों और अभिभावकों के सामने हुई इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था की साख पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है, लेकिन यह घटना एक कड़वा संदेश छोड़ गई है कि जहां शिक्षा का माहौल होना चाहिए, वहां अनुशासनहीनता का ऐसा दृश्य बेहद चिंताजनक है।













