-पटना में भीषण गर्मी का कहर: 40°C पार तापमान, डीएम का बड़ा आदेश—स्कूलों के समय में बदलाव
पटना:बिहार की राजधानी पटना इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार दूसरे दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से जन-जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। तेज धूप और उमस भरी रातों ने लोगों को बेहाल कर दिया है, मानो आसमान से आग बरस रही हो।
हालात की गंभीरता को देखते हुए पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम ने 24 घंटे के भीतर दूसरा अहम आदेश जारी किया है। यह फैसला खास तौर पर छोटे बच्चों की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 5 तक की पढ़ाई अब सुबह 11:30 बजे के बाद नहीं होगी। इसमें प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल हैं। वहीं, कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए दोपहर 12:30 बजे के बाद किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे अपने समय-सारिणी में तत्काल बदलाव करें।

मौसम विभाग पहले ही चेतावनी दे चुका था कि इस बार गर्मी जल्द ही अपने तीखे तेवर दिखाएगी। खासकर दक्षिण बिहार में अप्रैल महीने से ही लू का असर शुरू हो गया है। गया में तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो फिलहाल राज्य में सबसे अधिक दर्ज किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। हालांकि 24 और 25 अप्रैल को हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही से कुछ राहत मिल सकती है।
गौरतलब है कि यह गर्मी सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में अप्रैल में ही जून जैसे हालात बन गए हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।












