-जनगणना 2027 की तैयारी तेज, राजापाकर में परगणकों का प्रशिक्षण शुरू
-राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में सातवें दिन नए बैच का प्रशिक्षण, कई विभागों के कर्मी शामिल
राजापाकर (संवाददाता संजय श्रीवास्तव)। आगामी जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजापाकर परिसर में परगणकों एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी है। रविवार को प्रशिक्षण के सातवें दिन नए बैच का शुभारंभ किया गया।
इस बैच में प्रखंड क्षेत्र के भलुई, बैकुंठपुर और राजापाकर दक्षिणी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय से लेकर 10+2 विद्यालयों के शिक्षक, विकास मित्र तथा किसान पर्यवेक्षक शामिल हुए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को जनगणना कार्य से जुड़ी बारीकियों की जानकारी दी जा रही है।
मास्टर ट्रेनरों अमरेश कुमार सिंह, राजकुमार राम, राजेश चंद्र, रूपेश कुमार, हेमंत कुमार और मनोज शर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान परगणकों को मकान सूचीकरण, मकानों का मैप तैयार करने, ब्लॉक एवं भवन की पहचान, परिवार का गठन और परिवार के मुखिया के निर्धारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

इसके अलावा भवन और जनगणना मकानों की नंबरिंग, जनगणना के कानूनी पहलू तथा 2027 की जनगणना के परिचय पर भी चर्चा की गई। प्रशिक्षण में मकान सूचीकरण की सीमाओं के जमीनी सत्यापन, मोबाइल एप इंस्टॉलेशन प्रक्रिया और उसके उपयोग की जानकारी भी दी गई।
मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान जिन परगणकों को किसी विषय में कठिनाई हो रही है, उन्हें विशेष रूप से समझाया जा रहा है, ताकि जनगणना कार्य को सुचारू और सटीक ढंग से पूरा किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि जनगणना 2027 का कार्य पूरी पारदर्शिता और दक्षता के साथ संपन्न हो सके।












