Advertisement

पटना: बिहार की सियासत में बड़ा बदलाव, नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा

-पटना: बिहार की सियासत में बड़ा बदलाव, नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा

पटना: बिहार की राजनीति में चल रही हलचल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात कर औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपा। इस दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे।
करीब 20 वर्षों तक बिहार की सत्ता संभालने के बाद नीतीश कुमार ने अब नई भूमिका में जाने का फैसला लिया है। वे राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं और अब सक्रिय राज्य राजनीति से अलग होते हुए केंद्र की राजनीति में अपनी भूमिका निभाएंगे। इससे पहले वे 30 मार्च को विधान परिषद की सदस्यता से भी इस्तीफा दे चुके थे।
मुख्यमंत्री पद छोड़ने से पहले नीतीश कुमार ने अपनी कैबिनेट की अंतिम बैठक की, जिसमें कई मंत्री भावुक नजर आए। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि “मैंने अपनी क्षमता के अनुसार काम किया, अब आप लोग राज्य को आगे बढ़ाएं, मेरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा।”


इस्तीफे के बाद अब बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भाजपा नेतृत्व की देखरेख में विधायक दल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें नेता का चयन किया गया। अब शाम 4 बजे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में NDA विधानमंडल दल की बैठक होगी, जहां नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, बिहार के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण बुधवार को होगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की भी संभावना है। माना जा रहा है कि यह पहली बार होगा जब बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री पद संभालेगा, जिससे राज्य की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होगा।