Advertisement

समरसता दिवस पर बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि, पंच तीर्थ की दी जानकारी

–समरसता दिवस पर बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि, पंच तीर्थ की दी जानकारी

बंदरा (मुजफ्फरपुर)। प्रखंड के बंदरा मंडल पूर्वी अंतर्गत तेपरी पंचायत के ग्राम महेशपुर, वार्ड संख्या-01 (केमानी) स्थित बूथ संख्या 406 पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर समरसता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय वार्ड सदस्य व भाजपा कार्यकर्ता प्रेमलाल पासवान द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में मंडल महामंत्री श्याम किशोर कुशवाहा ने केंद्र की एनडीए सरकार द्वारा बाबा साहेब के प्रति श्रद्धा और समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला।


उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को “पंच तीर्थ” के रूप में विकसित किया गया है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके विचारों और योगदान से प्रेरणा ले सकें।
इन पंच तीर्थों में महू (जन्मभूमि), लंदन (शिक्षा भूमि), नागपुर (दीक्षाभूमि), दिल्ली (परिनिर्वाण भूमि) और मुंबई (चैत्य भूमि) शामिल हैं। इन स्थलों पर स्मारकों का निर्माण, आधारभूत संरचना का विकास और सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जिससे ये राष्ट्रीय प्रेरणा केंद्र के रूप में स्थापित हो सकें।
कार्यक्रम में भाजपा के दिनेश पासवान, गीता देवी, साधना देवी, उर्मिला देवी, उचित पासवान सहित कई स्थानीय लोगों ने भाग लिया और बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।