Advertisement

जनगणना 2027 को लेकर राजापाकर में प्रशिक्षण शुरू, प्रगणकों को दी जा रही विशेष ट्रेनिंग

-जनगणना 2027 को लेकर राजापाकर में प्रशिक्षण शुरू, प्रगणकों को दी जा रही विशेष ट्रेनिंग

राजापाकर।संजय। आगामी 02 मई से प्रस्तावित जनगणना 2027 की तैयारी को लेकर राजापाकर प्रखंड में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कर दिया गया है। मॉडल हाई स्कूल में प्रखंड क्षेत्र के बेरई, रामपुर रत्नाकर एवं मीरपुर पतांढ पंचायतों से चयनित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को मास्टर ट्रेनरों द्वारा कुशलतापूर्वक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने बताया कि भारत सरकार द्वारा जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। इसके तहत प्रथम चरण का प्रशिक्षण 13 अप्रैल से 24 अप्रैल तक संचालित किया जा रहा है। इस दौरान मकान सूचीकरण एवं गणना से संबंधित सभी पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है।


प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, उनकी भूमिका एवं जिम्मेदारियों के बारे में बताया गया। साथ ही मकान सूचीकरण की विधि, परिवारों के विवरण का संकलन, जनगणना प्रपत्रों का संधारण, मोबाइल आधारित एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल डेटा प्रविष्टि तथा तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना 2027 के प्रथम चरण को प्रखंड स्तर पर सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करना है। सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और आगामी जनगणना कार्य को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
इस मौके पर बीपीआरओ सुधीर रंजन कुमार, मास्टर ट्रेनर रूपेश कुमार, अमरेश कुमार, मनोज कुमार शर्मा, हेमंत कुमार, राजेश चंद्र, राजकुमार राम तथा प्रखंड कर्मी नितेश कुमार महादेव समेत कई लोग उपस्थित रहे।