Advertisement

बिहार में सीएम पद पर सस्पेंस गहराया, बैठक रद्द होने से सियासी हलचल तेज

-बिहार में सीएम पद पर सस्पेंस गहराया, बैठक रद्द होने से सियासी हलचल तेज

पटना/नई दिल्ली।ब्यूरो।
बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर एक बार फिर सियासी घमासान तेज हो गया है। नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने की चर्चाओं के बीच संभावित सत्ता परिवर्तन की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है।
इसी कड़ी में शुक्रवार (10 अप्रैल) को दिल्ली में प्रस्तावित भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक आखिरी वक्त पर रद्द कर दी गई। बैठक रद्द होने से राजनीतिक गलियारों में हलचल और तेज हो गई है, वहीं बिहार बीजेपी में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अनिश्चितता गहरा गई है।
सूत्रों के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नाम पर केंद्रीय नेतृत्व में अब तक पूरी सहमति नहीं बन पाई है, जिससे मामला फिलहाल अटका हुआ है। इसी बीच पटना स्थित बीजेपी कार्यालय के बाहर सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाला पोस्टर भी सामने आया, जिसे कुछ ही देर में सुरक्षा कर्मियों ने हटा दिया। पार्टी ने साफ किया कि इस पोस्टर का कोई आधिकारिक संबंध नहीं है।


राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सम्राट चौधरी को लेकर पार्टी के अंदर समर्थन और विरोध दोनों तरह की स्थिति बनी हुई है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल की ओर से आई टिप्पणियों ने माहौल को और गरमा दिया है। आरजेडी ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को आखिरकार “लालू के सिपाही” को ही मुख्यमंत्री बनाना पड़ सकता है, जिससे बीजेपी नेतृत्व असहज नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि सम्राट चौधरी से जुड़े पुराने मामलों और उनकी शैक्षणिक योग्यता को लेकर भी बयानबाजी तेज हो गई है। हालांकि, इन सभी मुद्दों पर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामला फिलहाल अटकलों और राजनीतिक चर्चाओं तक ही सीमित है।
दिल्ली से लेकर पटना तक सियासी पारा चढ़ा हुआ है और बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बरकरार है।