Advertisement

दिल्ली-NCR में भूकंप के तेज झटके, कई राज्यों में हिली धरती; लोग घरों से बाहर निकले

-दिल्ली-NCR में भूकंप के तेज झटके, कई राज्यों में हिली धरती; लोग घरों से बाहर निकले

नई दिल्ली।ब्यूरो। शुक्रवार रात 9:42 बजे दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। दिल्ली-NCR के अलावा जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और चंडीगढ़ में भी धरती कांपने की खबर है।

भूकंप का केंद्र हिंदू कुश पर्वत में बताया गया है और इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 मापी गई। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में 10 से 15 सेकंड तक झटके महसूस किए गए, जिससे लोग घबराकर घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।

ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों ने झटकों को ज्यादा महसूस किया। कई स्थानों पर लोग एहतियातन पार्क और खुले मैदानों में जमा हो गए। हालांकि, फिलहाल कहीं से भी किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की गई है।

भूकंप के झटकों के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अपने अनुभव साझा किए। कई लोगों ने बताया कि पंखे, खिड़कियां और फर्नीचर हिलते हुए साफ महसूस हुए।

वरिष्ठ भूकंपविज्ञानी डॉ. अजय पॉल के अनुसार, हिंदू कुश क्षेत्र में आने वाले भूकंप अक्सर गहराई में होते हैं, जिससे उनकी तरंगें मैदानी इलाकों में ज्यादा प्रभाव छोड़ती हैं।

चार देशों में महसूस हुए झटके:

इस भूकंप का असर भारत के अलावा पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ताजिकिस्तान में भी देखा गया। वहीं, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हल्के झटके महसूस किए गए।

प्रशासन सतर्क, स्थिति सामान्य:

भूकंप का केंद्र 71.01 डिग्री पूर्वी देशांतर और 36.52 डिग्री उत्तरी अक्षांश पर, करीब 175 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन किसी नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।

इससे पहले शाम 8:12 बजे तिब्बत में भी 3.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।

भूकंप क्यों आता है?

भूकंप पृथ्वी की सतह के अचानक हिलने से उत्पन्न होता है, जिसका मुख्य कारण प्लेट टेक्टॉनिक्स है। पृथ्वी की बाहरी परत कई टेक्टोनिक प्लेटों में बंटी होती है, जो लगातार खिसकती रहती हैं। जब इन प्लेटों के बीच तनाव अधिक बढ़ जाता है, तो चट्टानें अचानक टूटती या खिसकती हैं, जिससे ऊर्जा निकलती है और भूकंपीय तरंगें पैदा होती हैं—इसी को भूकंप कहा जाता है।