Advertisement

धनबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: साइकिल सवार की मौत, आक्रोश में NH जाम

-धनबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: साइकिल सवार की मौत, आक्रोश में NH जाम

धनबाद। (सत्येन्द्र सिंह) जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित किसान चौक के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान टुंडी थाना क्षेत्र के तारडांड निवासी 50 वर्षीय किशन महतो के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशन महतो साइकिल से अपने घर से धनबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसान चौक के पास सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) को जाम कर दिया और मुआवजे के साथ-साथ दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जाम के कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।