Advertisement

नरगाकोठी विद्यालय में आचार्य कार्यशाला संपन्न, शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर

-नरगाकोठी विद्यालय में आचार्य कार्यशाला संपन्न, शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर

भागलपुर। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर एवं पूरनमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर, नरगाकोठी भागलपुर में आयोजित आचार्य कार्यशाला का समापन बुधवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. चंद्रभूषण सिंह, प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह, प्रभारी ममता जायसवाल, कार्यशाला प्रमुख विनोद पांडे, सह प्रमुख अभिजीत आचार्य, डॉ. संजीव कुमार झा एवं अजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरे वर्ष की योजनाएं तैयार की गई हैं। उन्होंने कहा कि छात्र अनुकरणशील होते हैं, इसलिए आचार्यों के साथ-साथ अभिभावकों की सकारात्मक भूमिका भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा के मूल उद्देश्य को समझने पर बल देते हुए छात्रों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के साथ-साथ नैतिक मूल्यों—दया, क्षमा, परोपकार और कर्तव्यनिष्ठा—के विकास को जरूरी बताया।


वहीं प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि विद्यालय में आयोजित सभी कार्यक्रम उद्देश्यपूर्ण होने चाहिए। उन्होंने कला, संगीत, खेलकूद, शारीरिक गतिविधियों और वंदना में भाग लेने वाले छात्रों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही वर्ष में कम से कम दो बार अभिभावक संपर्क एवं गोष्ठियों के आयोजन की बात कही। उन्होंने गृह कार्य की नियमितता और उसके निरीक्षण को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यशाला का आयोजन चार सत्रों में किया गया, जिसमें वार्षिकोत्सव, अभिभावक संपर्क, गोष्ठी, सम्मेलन, मातृ गोष्ठी, गुरु पूर्णिमा उत्सव, मातृ संगठन की योजना, प्रांतीय प्रतियोगिताएं, परिणाम एवं उपलब्धियां, सेवा कार्य, आचार्य कल्याण कोष, संस्कृति ज्ञान परीक्षा, केंद्रीय आधारभूत विषय, शुद्ध एवं सुंदर लेखन, नवीन प्रयोग, संस्कार केंद्र एवं सेवा प्रकल्प जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर गौतम भारती, अमित आनंद, शांतनु आनंद, दीपक कुमार झा, शशि भूषण मिश्र, मनोज तिवारी, अमर ज्योति, विशाल कुमार, शुभम कुमार, आभाष कुमार, पवन पंजियारा, सागर कुमार, सुधाकर मिश्र, संजीव ठाकुर, अतुल दुबे, शशिकांत गुप्ता सहित विद्यालय के सभी आचार्य उपस्थित रहे।