Advertisement

बिहार बोर्ड रिजल्ट के बाद छात्रों को बड़ी राहत: स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना बनी सहारा

–बिहार बोर्ड रिजल्ट के बाद छात्रों को बड़ी राहत: स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना बनी सहारा

पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा 12वीं के नतीजे जारी होने के साथ ही छात्रों और अभिभावकों के मन में उच्च शिक्षा के खर्च को लेकर चिंता बढ़ने लगती है। कॉलेज फीस, हॉस्टल, किताबें और डिजिटल लर्निंग जैसे खर्च कई परिवारों के बजट पर भारी पड़ते हैं। ऐसे में बिहार सरकार की बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना (BSCC) छात्रों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस योजना को और अधिक छात्र-हितैषी बनाने का ऐलान किया है। अब इस स्कीम के तहत मिलने वाला एजुकेशन लोन पूरी तरह ब्याज मुक्त (इंटरेस्ट-फ्री) कर दिया गया है। इससे छात्रों को पढ़ाई के लिए कर्ज लेने पर किसी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।


इसके साथ ही पहले लागू एडवांस राशि जमा करने की शर्त को भी समाप्त कर दिया गया है। लोन चुकाने की अवधि को बढ़ाकर 60 महीनों से 84 महीनों (7 वर्ष) तक कर दिया गया है, जिससे छात्र आसान किस्तों में भुगतान कर सकेंगे। वहीं, पढ़ाई पूरी होने के बाद मिलने वाला ग्रेस पीरियड भी बढ़ाया गया है और विशेष परिस्थितियों में इसे 10 वर्षों तक बढ़ाने का प्रावधान रखा गया है।
यह योजना सिर्फ आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को बेहतर भविष्य के लिए समान अवसर प्रदान करने का माध्यम भी है। इसके अंतर्गत ग्रेजुएशन, पोस्टग्रेजुएशन और विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सेज के लिए ट्यूशन फीस, हॉस्टल, किताबें और लैपटॉप जैसे खर्च भी कवर किए जाते हैं।
सरकार के इस फैसले से करीब चार लाख से अधिक छात्रों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। अब आर्थिक तंगी छात्रों के सपनों के आड़े नहीं आएगी, बल्कि यह योजना उनके लिए उच्च शिक्षा की राह आसान बनाने वाला मजबूत सहारा साबित होगी।