Advertisement

धनबाद नगर निगम में ‘सिंह मेंशन’ का दबदबा बरकरार, संजीव सिंह मेयर और अरुण चौहान डिप्टी मेयर बने

–धनबाद नगर निगम में ‘सिंह मेंशन’ का दबदबा बरकरार, संजीव सिंह मेयर और अरुण चौहान डिप्टी मेयर बने

धनबाद | सतीश कुमार।

धनबाद नगर निगम में सत्ता का नया अध्याय शुरू हो गया है। नए मेयर के रूप में संजीव सिंह और डिप्टी मेयर के रूप में अरुण चौहान ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाई।
डिप्टी मेयर पद के लिए हुए चुनाव में अरुण चौहान ने शानदार जीत दर्ज करते हुए 50 पार्षदों का समर्थन हासिल किया, जबकि विपक्ष को मात्र 5 वोट मिले। इसके साथ ही उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया।

मेयर का विजन:

शपथ ग्रहण के बाद मेयर संजीव सिंह ने “स्मार्ट, सुरक्षित और स्वच्छ धनबाद” बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में पानी, सड़क और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करना शामिल है। साथ ही शहर के शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाया जाएगा और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

डिप्टी मेयर का भरोसा:

डिप्टी मेयर अरुण चौहान ने कहा कि वे मेयर के साथ मिलकर नगर निगम को मजबूत और पारदर्शी प्रशासन देंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्षदों के सहयोग से विकास कार्यों को तेज गति दी जाएगी।
राजनीतिक संकेत भी अहम
धनबाद नगर निगम में संजीव सिंह की जीत को सिर्फ स्थानीय सफलता नहीं, बल्कि एक बड़े राजनीतिक संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है। यह परिणाम दर्शाता है कि शहर की सत्ता, संगठन और जनसमर्थन पर ‘सिंह मेंशन’ की पकड़ अब भी मजबूत बनी हुई है, जिसका असर आगामी लोकसभा चुनाव में भी देखने को मिल सकता है।