Advertisement

गायघाट में पुलिस-ग्रामीण टकराव में 1 की मौत, थानेदार समेत 3 पुलिसकर्मी गंभीर, इलाके में तनाव

–गायघाट में पुलिस-ग्रामीण टकराव में 1 की मौत, थानेदार समेत 3 पुलिसकर्मी गंभीर, इलाके में तनाव

मुजफ्फरपुर/गायघाट। दीपक कुमार।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुए हिंसक टकराव में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव व्याप्त है और एहतियातन बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जानकारी के अनुसार, असिया गांव में एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में न्यायालय द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी का आदेश जारी किया गया था। इसी आदेश के पालन में पुलिस टीम छापेमारी के लिए गांव पहुंची थी। इस दौरान जब पुलिस आरोपी को हिरासत में लेने का प्रयास कर रही थी, तभी ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते उग्र हो गया।


स्थिति बिगड़ने पर भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव और हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस के दो वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों की ओर से भी गोलीबारी की गई। इसी दौरान जगतवीर राय (करीब 60 वर्ष) को गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस हिंसक झड़प में गायघाट थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की पुष्टि करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम न्यायालय के आदेश का पालन करने गई थी, लेकिन उस पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल असिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात है। ग्रामीण एसपी और डीएसपी पूर्वी के नेतृत्व में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। पूरे इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।