-मुजफ्फरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार व कारतूस के साथ चार गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर।दीपक तिवारी।
जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार एवं कारतूस के साथ चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मुजफ्फरपुर द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर अंकुश लगाने, यातायात नियमों के पालन और शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही गंभीर मामलों में वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इसी क्रम में कांटी थाना पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नेता चौक स्थित निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कांटी एवं करजा थाना क्षेत्र से जुड़े चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने इस मामले में कांड दर्ज कर सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।











