Advertisement

गायघाट में गंदगी देख रहे भड़के डीएम, प्रखंड में फार्मर रजिस्ट्रेशन की समीक्षा की, राजस्व कर्मचारी सस्पेंड

-गायघाट में गंदगी देख रहे भड़के डीएम, प्रखंड में फार्मर रजिस्ट्रेशन की समीक्षा की, राजस्व कर्मचारी सस्पेंड

दीपक कुमार ।गायघाट

प्रखंड सभागार पहुंचते ही जिलाधिकारी सुब्रत कुमार पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। जैसे ही वे वाहन से उतरे, प्रखंड मुख्यालय की बदहाल सफाई व्यवस्था पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। डीएम ने बीडीओ संजय कुमार को सख्त लहजे में फटकार लगाते हुए कहा कि प्रखंड परिसर बेहद गंदा है। कम से कम सप्ताह में एक दिन नियमित सफाई नहीं कराई जा रही, यह घोर लापरवाही है।
इसके बाद डीएम ने किसान सलाहकारों और राजस्व कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक कर किसान रजिस्ट्रेशन और ई-केवाईसी में ढिलाई पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायतवार कैंप लगाकर ई-केवाईसी अभियान तेज किया जाए। डीएम ने दो टूक कहा कि जिन किसानों ने ई-केवाईसी नहीं कराई, उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिलेगी और खाद-बीज जैसी जरूरी सुविधाओं में भी परेशानी होगी।
समीक्षा में राजस्व कर्मचारी प्रभात किरण का कार्य असंतोषजनक पाए जाने पर डीएम ने तत्काल निलंबन का आदेश दे दिया। वहीं तीन किसान सलाहकारों पर भी अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।


इसी दौरान गायघाट के युवाओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर मैदान बचाने की गुहार लगाई। डीएम ने खुद मौके पर जाकर निरीक्षण किया और साफ कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। पुराने जर्जर भवन को तोड़कर पीछे की ओर प्रशासनिक भवन बनेगा, ताकि मैदान सुरक्षित रहे।
डीएम ने यह भी ऐलान किया कि प्रमंडलीय स्तर के लिए तय स्टेडियम मैदान मार्च के बाद युवाओं के लिए खोल दिया जाएगा।
वहीं सांसद प्रतिनिधि शशांक शेखर चौहान द्वारा उठाए गए बीआरसी जारंग में चलने के मुद्दे पर डीएम ने डीईओ से बात कर बीआरसी को प्रखंड मुख्यालय में शिफ्ट कराने का आदेश दिया।
मौके पर डीडीसी श्रेष्ठ अनुपम भी मौजूद थे।