Advertisement

राजापाकर अंचल कार्यालय में पसरा सन्नाटा, राजस्व अधिकारियों की हड़ताल से ठप पड़े जनकार्य

-राजापाकर अंचल कार्यालय में पसरा सन्नाटा, राजस्व अधिकारियों की हड़ताल से ठप पड़े जनकार्य

राजापाकर | संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर अंचल कार्यालय में राजस्व अधिकारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने के कारण सोमवार को पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। अपने विभिन्न कार्यों को लेकर पहुंचे किसान, रैयत और आम नागरिकों को बैरंग लौटना पड़ा। अंचलाधिकारी एवं राजस्व पदाधिकारी की अनुपस्थिति में कार्यालय का अधिकांश कामकाज प्रभावित रहा।
कार्यालय पहुंचे लोगों ने बताया कि दाखिल-खारिज, एनओसी, अतिक्रमण और अन्य राजस्व संबंधित कार्यों के लिए वे सुबह से इंतजार करते रहे, लेकिन पदाधिकारियों के हड़ताल पर रहने से कोई काम नहीं हो सका।
अंचल कार्यालय के प्रधान सहायक राकेश रंजन ने बताया कि हड़ताल का कार्यों पर सीधा असर पड़ा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अंचलाधिकारी एवं राजस्व पदाधिकारी से मिलने आते हैं, लेकिन उनके नहीं रहने से समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।


जनप्रतिनिधि तपसी प्रसाद सिंह सड़क निर्माण के लिए एनओसी लेने कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के लिए अंचलाधिकारी से एनओसी जरूरी है, लेकिन हड़ताल के कारण वे उपस्थित नहीं हैं, जिससे विकास कार्य बाधित हो रहा है।
वहीं समाजसेवी अंशु शर्मा ने बताया कि सड़क अतिक्रमण से संबंधित आवेदन पहले ही दिया गया था। उसकी जानकारी लेने आए थे, लेकिन अधिकारी के नहीं रहने से काम अटक गया है।
कार्यालय कर्मी बच्चा बाबू ने बताया कि लोग अपने आवेदन जमा कर रहे हैं और उन्हें पावती दी जा रही है। हड़ताल समाप्त होने के बाद सभी लंबित कार्यों को समय पर निपटाने का प्रयास किया जाएगा।
राजस्व अधिकारियों की हड़ताल से आम जनता के साथ-साथ विकास कार्यों पर भी असर साफ नजर आ रहा है, जिससे लोगों में निराशा देखी जा रही है।