Advertisement

मुजफ्फरपुर में राजस्व अधिकारियों की हड़ताल का अल्टीमेटम, 2 फरवरी से सीओ-आरओ जाएंगे अवकाश पर; प्रशासनिक कार्य ठप होने की आशंका

-मुजफ्फरपुर में राजस्व अधिकारियों की हड़ताल का अल्टीमेटम, 2 फरवरी से सीओ-आरओ जाएंगे अवकाश पर; प्रशासनिक कार्य ठप होने की आशंका

मुजफ्फरपुर। जिले के सभी अंचलों में कार्यरत अंचलाधिकारी (सीओ) और राजस्व अधिकारी (आरओ) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार 2 फरवरी 2026 से सामूहिक अवकाश यानी हड़ताल पर जाने का अल्टीमेटम दिया है। इस संबंध में बिहार राजस्व सेवा संघ, मुजफ्फरपुर जिला इकाई ने जिलाधिकारी और अपर समाहर्ता (राजस्व) को लिखित ज्ञापन सौंप दिया है।
संघ का कहना है कि बिहार राजस्व सेवा संवर्ग 2010 की नियमावली के तहत डीसीएलआर और भू-अर्जन पदाधिकारी के पदों पर राजस्व सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना सुनिश्चित की जाए।

इस मांग को लेकर संघ राज्य सरकार और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से लगातार अनुपालन की मांग कर रहा है। मामला उच्च न्यायालय में भी दायर किया गया है तथा मुख्य सचिव को पूर्व में इसकी जानकारी दी जा चुकी है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी का नामांकन किए जाने को लेकर भी असंतोष है। इसे लेकर बिहार प्रशासनिक सेवा और बिहार राजस्व सेवा संघ के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है।
इधर, यूनाइटेड बिहार राजस्व सेवा संघ (बिरसा यूनाइटेड) के अध्यक्ष आदित्य शिवम शंकर ने भी राजस्व सेवा संघ की मांगों का समर्थन करते हुए 2 फरवरी से सीओ व आरओ के अनिश्चितकालीन अवकाश और हड़ताल को समर्थन देने की घोषणा की है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, उपमुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री, प्रधान सचिव सहित सभी कमिश्नर और जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर मांगों पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया है।
यदि हड़ताल शुरू होती है तो जमीन संबंधी दाखिल-खारिज, म्यूटेशन, लगान वसूली, अंचल कार्यालयों के अन्य राजस्व कार्यों पर व्यापक असर पड़ सकता है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।