-11 हजार वोल्ट तार पर गिरा सूखा पेड़, मरवन में बड़ा हादसा टला
मुजफ्फरपुर |
मरवन प्रखंड के रक्सा बहादुर चौक पर सोमवार को एक सूखा पेड़ 11 हजार वोल्ट के बिजली तार पर गिर गया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना के वक्त चौक पर यात्री, दुकानदार और राहगीर मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से सभी लोग सुरक्षित बच गए।
पेड़ गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं सुरक्षा के मद्देनज़र बिजली आपूर्ति भी बाधित कर दी गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त पेड़ काफी समय से सूखा और जर्जर हालत में था, जिसकी जानकारी पहले ही प्रशासन को दी गई थी, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद लोगों में आक्रोश देखा गया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रखंड क्षेत्र में मौजूद सूखे एवं जर्जर पेड़ों की शीघ्र पहचान कर उनकी कटाई कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो।













