Advertisement

गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक डिवाइडर से टकराया, बड़ा हादसा टला

-गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक डिवाइडर से टकराया, बड़ा हादसा टला

मुजफ्फरपुर।
जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामदयालू इलाके में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराया। हादसा इतना खतरनाक था कि कुछ पलों के लिए लोगों की सांसें थम गईं। गनीमत रही कि ट्रक पास में लगे बिजली के पोल से टकराने से बाल-बाल बच गया, नहीं तो बड़ा विस्फोट और भारी जान-माल के नुकसान की आशंका थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गैस सिलेंडर लदा ट्रक समस्तीपुर की ओर से आ रहा था और हाजीपुर की तरफ जा रहा था। रामदयालू के पास अचानक ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर होते ही सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक बिजली के पोल से टकरा जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रक में भारी मात्रा में गैस सिलेंडर लदे थे, ऐसे में किसी भी तरह की चिंगारी या जोरदार टक्कर पूरे इलाके के लिए खतरा बन सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से कई राहगीर और वाहन सवार बाल-बाल बच गए। कुछ सेकेंड की देरी जानलेवा साबित हो सकती थी।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और ट्रक को देखकर दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटवाने की प्रक्रिया शुरू की, ताकि आवागमन जल्द सामान्य किया जा सके।
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे संवेदनशील इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।