Advertisement

राष्ट्रीय युवा दिवस पर पूर्व छात्र सम्मेलन, छात्रों की सफलता से मिलती है खुशी

-राष्ट्रीय युवा दिवस पर पूर्व छात्र सम्मेलन, छात्रों की सफलता से मिलती है खुशी

भागलपुर।
सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युग पुरुष स्वामी विवेकानंद की जयंती एवं पूर्व छात्र सम्मेलन का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह, पूर्व छात्र प्रमुख आचार्य महेश कुमार, पूर्व छात्र परिषद के सहसंयोजक राकेश कुमार एवं शिशु मंदिर की प्रभारी ममता जायसवाल द्वारा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।
उद्देश्य कथन के क्रम में पूर्व छात्र प्रमुख आचार्य महेश कुमार ने कहा कि पूर्व छात्रों को जोड़ना और निरंतर संपर्क में रखना विद्यालय परिवार का दायित्व है। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष दिल्ली एवं कोलकाता में रहने वाले पूर्व छात्रों की गोष्ठियां आयोजित की गई थीं। कार्यरत एवं अध्ययनरत पूर्व छात्रों के सम्मेलनों से उनकी उपलब्धियों की जानकारी मिलती है, जिससे विद्यालय परिवार को गर्व और खुशी होती है।


उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि परिवर्तन के इस दौर में हम अतीत की अच्छाइयों को भूलते जा रहे हैं, जबकि चुनौतियों का सामना करना, तनाव सहना, कठिन परिश्रम, सहयोग, सकारात्मक सोच, सामाजिक समरसता एवं दायित्व निर्वहन आज के समय की आवश्यकता है।
पूर्व छात्र परिषद के सहसंयोजक राकेश कुमार ने कहा कि संस्कार, बड़ों का सम्मान और कर्तव्यनिष्ठा जैसे गुण उन्होंने इसी विद्यालय से सीखे हैं। पूर्व छात्र शुभम सौरव, रोहित राय एवं रजनीकांत ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि विद्यालय से मिले संस्कारों ने उनके जीवन को सही दिशा दी है और वे इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम में अतिथि परिचय पूर्व छात्र गुरुदेव द्वारा कराया गया, धन्यवाद ज्ञापन अमित राम ने किया तथा मंच संचालन अभिजीत आचार्य ने किया। पवन पंजियारा द्वारा प्रस्तुत ओजस्वी गीतों ने वातावरण को प्रेरणादायी बना दिया। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, कुमारी सविता सहित सभी आचार्य बंधु-भगिनी उपस्थित रहे।