Advertisement

रामपुर रत्नाकर पंचायत सरकार भवन में ‘प्रशासन आपके द्वार’ शिविर आयोजित, 349 में से 347 आवेदनों का मौके पर निष्पादन

-रामपुर रत्नाकर पंचायत सरकार भवन में ‘प्रशासन आपके द्वार’ शिविर आयोजित, 349 में से 347 आवेदनों का मौके पर निष्पादन

राजापाकर–संजय श्रीवास्तव।

राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के रामपुर रत्नाकर पंचायत सरकार भवन परिसर में रामपुर रत्नाकर, बेरई एवं मीरपुर पतांढ पंचायत के लिए प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रखंड के सभी विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड, पंचायत एवं विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और आम जनता की समस्याएं सुनने हेतु बनाए गए काउंटरों की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता से प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आम लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन शिविर में ही दें, ताकि उन्हें शीघ्र लाभ मिल सके।
अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने शिविर में मौजूद लोगों को जानकारी दी कि अंचल कार्यालय में प्रत्येक शनिवार को भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन किया जाता है। भूमि से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान हेतु लोग वहां आवेदन दे सकते हैं।
शिविर में बाल विकास परियोजना विभाग की ओर से भी स्टॉल लगाया गया, जहां आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित गतिविधियों की जानकारी दी गई तथा उपस्थित लोगों को पीएनबी ई योजना के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर गर्भवती महिला नेहा कुमारी की गोद भराई की गई तथा एक वर्षीय अनु कुमारी का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता अंशु शर्मा ने आवेदक विपिन कुमार पंडित (पिता–श्रवण देव पंडित) के भूमि से संबंधित मामले को उठाया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में ऑफलाइन रसीद कटने के बावजूद ऑनलाइन जांच में जमाबंदी किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज है, जिससे आवेदक को ऑनलाइन रसीद कटवाने में परेशानी हो रही है। इस पर अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में लिया गया है और संबंधित कर्मचारी से जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत सचिव गोपाल शर्मा ने बताया कि शिविर में स्वच्छता से संबंधित 2 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें अग्रसारित किया गया। पीएचईडी विभाग से 1 आवेदन प्राप्त हुआ, जिसका मौके पर निष्पादन किया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से 27 आवेदन, अंचल से 42 आवेदन, स्वास्थ्य विभाग से 174 आवेदन, मनरेगा से 99 आवेदन तथा सांख्यिकी विभाग से 4 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।
इस प्रकार शिविर में कुल 349 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 347 आवेदनों का मौके पर निष्पादन किया गया, जबकि 2 आवेदन संबंधित अधिकारियों के पास अग्रसारित किए गए।
शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, अंचलाधिकारी गौरव कुमार, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी मंजू रानी, पीएचईडी के कनीय अभियंता अनामिका कुमारी, बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी जावेद कमाल, कल्याण पदाधिकारी प्रज्ञा प्रकाश, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय, कृषि समन्वयक सुबोध कुमार सहित जनप्रतिनिधियों व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।