-भाकपा माले ने बुलडोजर राज के खिलाफ किया प्रदर्शन, पीएम व सीएम का पुतला दहन
मुजफ्फरपुर।बोचहां प्रखंड में 22 दिसंबर 2025 को भाकपा (माले) द्वारा राज्यव्यापी आंदोलन के तहत बुलडोजर राज के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बोचहां प्रखंड मुख्यालय से न्यू मार्केट चौक तक जुलूस निकाला गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया गया।
न्यू मार्केट चौक पर आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए माले प्रखंड सचिव राम बालक सहनी ने आरोप लगाया कि बिहार में भाजपा वर्चस्व वाली एनडीए सरकार मजदूर वर्ग पर लगातार हमले तेज कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय गरीबों को प्रलोभन देकर वोट लिया गया और अब उन्हीं गरीबों की झोपड़ियों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए वीरेंद्र पासवान ने कहा कि मनरेगा कानून में बदलाव कर गरीबों को काम से वंचित करने की साजिश की जा रही है।

उन्होंने 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर चार श्रम कोड लाने को मजदूरों को गुलाम बनाने वाला कानून बताया। वहीं बिंदेश्वर शाह ने कहा कि महिला सम्मान की बात करने वाली सरकार के कार्यकाल में महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे महिलाएं आक्रोशित हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से महिलाओं से माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन के माध्यम से मांग की गई कि बिहार में बुलडोजर की कार्रवाई तुरंत बंद की जाए, वादे के अनुसार सभी महिलाओं को दो लाख रुपये दिए जाएं, मनरेगा से जुड़े बी.जी. रामजी कानून को वापस लिया जाए तथा चारों श्रम कोड निरस्त किए जाएं। साथ ही गरीबों को भूमि और आवास की गारंटी देने की भी मांग उठाई गई।
जुलूस का नेतृत्व संजय राय, सुधीर राय, रंगीला देवी, रामनाथ शाह, सुनैना देवी, सुनीता देवी सहित कई कार्यकर्ताओं ने किया।











