Advertisement

नालंदा में महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम, 60 मामलों की हुई सुनवाई

-नालंदा में महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम, 60 मामलों की हुई सुनवाई

पटना। नालंदा के राजकीय अतिथि गृह में आयोजित दो दिवसीय महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम के तहत प्रथम दिन कुल 60 मामलों की सुनवाई की गई। सुनवाई की खास बात यह रही कि वर्षों से लंबित चले आ रहे 55 विवादों का आपसी समझौते के माध्यम से सफलतापूर्वक निष्पादन कराया गया। इससे पीड़ित महिलाओं को उनके गृह जिले में ही त्वरित न्याय मिल सका।

कार्यक्रम के दौरान बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं सदस्य साधना देवी की दो सदस्यीय टीम ने जनसुनवाई कर आयोग के त्वरित एवं प्रभावी न्याय के संकल्प को साकार किया। सुनवाई में घरेलू विवाद, पारिवारिक कलह एवं अन्य महिला संबंधित मामलों पर गंभीरता से विचार किया गया।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची पीड़ित महिलाएं और उनके परिजन न्याय मिलने से संतुष्ट नजर आए और उन्होंने राहत की सांस ली। महिला आयोग के इस प्रयास की सराहना करते हुए लोगों ने इसे महिलाओं के अधिकारों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।