Advertisement

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 200 मरीजों को पोषण युक्त फ़ूड बास्केट वितरित

-प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 200 मरीजों को पोषण युक्त फ़ूड बास्केट वितरित

मुज़फ्फरपुर/कांटी। सामाजिक नैगमिक दायित्व (CSR) के तहत समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए एनटीपीसी कांटी ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान में एक सराहनीय पहल की है। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में गोद लिए हुए 200 टीबी मरीजों को पोषण युक्त फ़ूड बास्केट प्रदान किए गए। यह कदम टीबी उन्मूलन के प्रति एनटीपीसी कांटी की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को सशक्त बनाने और मरीजों की पोषण आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से निक्षय मित्र पहल के अंतर्गत एनटीपीसी कांटी आगामी छह महीनों तक इन 200 मरीजों को निरंतर पोषण सहायता प्रदान करेगा। पोषण के महत्व को उजागर करते हुए अधिकारियों ने बताया कि सुदृढ़ पोषण रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और तेजी से स्वस्थ होने में सहायक होता है।

एनटीपीसी कांटी द्वारा वितरित प्रत्येक फ़ूड बास्केट में दाल, चावल, आटा, तेल, मिल्क पाउडर सहित अनेक आवश्यक पोषक तत्व शामिल किए गए हैं, जिससे मरीजों की दैनिक पोषण जरूरतें पूरी होंगी।

कार्यक्रम के दौरान श्री देबेश कुमार पाढ़ी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) ने कहा—
“एनटीपीसी कांटी समाज के स्वास्थ्य और कल्याण को हमेशा प्राथमिकता देता है। टीबी मुक्त भारत अभियान में भागीदारी हमारे लिए गौरव की बात है। हमारा प्रयास है कि पोषण सहायता के माध्यम से टीबी मरीज जल्द स्वस्थ हों और सामान्य जीवन जी सकें।”

इस अवसर पर श्री उमेश कुमार, महाप्रबंधक (अनुरक्षण) और श्री महेशकुमार सुथार, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने भी अपने विचार व्यक्त किए और मुज़फ्फरपुर को जल्द टीबी मुक्त बनाने में सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।

कार्यक्रम में मुज़फ्फरपुर के मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सी.के. दास भी उपस्थित रहे। उन्होंने एनटीपीसी कांटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि—
“सरकारी योजनाओं के साथ औद्योगिक संस्थानों का सहयोग टीबी उन्मूलन में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस प्रकार की पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है।”

इस कार्यक्रम में श्री संजीत कुमार, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सहित एनटीपीसी कांटी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल रहे।

कॉर्पोरेट और समाज के बीच मजबूत साझेदारी का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एनटीपीसी कांटी की यह पहल स्वास्थ्य संवर्धन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान साबित होगी और आने वाले छह महीनों तक नियमित पोषण सहायता देकर टीबी मुक्त भारत के संकल्प को सुदृढ़ करेगी।