-करारी हार के बाद RJD में हलचल: तेजस्वी लेंगे उम्मीदवारों से फीडबैक, पारिवारिक कलह ने बढ़ाई चुनौती
ब्यूरो।पटना।
बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद राष्ट्रीय जनता दल अब पूरी तरह आत्ममंथन मोड में है। इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सोमवार को अपने सरकारी आवास एक पोलो रोड में पार्टी के सभी हार चुके उम्मीदवारों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करने वाले हैं। बैठक सुबह करीब 11 बजे शुरू होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, तेजस्वी यादव इस बैठक में हार के कारणों, संगठनात्मक खामियों, टिकट बंटवारे में हुई गड़बड़ियों और महागठबंधन में तालमेल की कमजोरियों पर विस्तृत फीडबैक लेंगे। कई प्रत्याशियों ने पहले ही इशारों में कहा था कि चुनाव अभियान से लेकर संसाधन प्रबंधन तक कई मोर्चों पर गंभीर चूकें हुईं।

इस बीच, चुनावी नतीजों के बाद RJD और लालू परिवार दोनों में तनाव नई ऊंचाई पर पहुंच गया है। शनिवार देर रात लालू प्रसाद यादव को किडनी देने वाली बेटी रोहिणी आचार्या अचानक राबड़ी आवास छोड़कर निकल गईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर तेजस्वी यादव और उनके करीबी सलाहकार संजय यादव व रमीज पर मानसिक प्रताड़ना और परिवार को तोड़ने की साजिश जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
राजद की भारी पराजय ने न सिर्फ पार्टी का मनोबल तोड़ा है, बल्कि संगठनात्मक एकता और पारिवारिक सामंजस्य दोनों में खींचतान बढ़ा दी है। ऐसे में तेजस्वी यादव के सामने अब दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है—
पार्टी को संभालना और परिवार की बढ़ती कलह को शांत करना।
कल होने वाली समीक्षा बैठक यह तय करेगी कि RJD आने वाले दिनों में किस दिशा में बढ़ेगी और अपने सबसे बड़े राजनीतिक संकट से कैसे उबरेगी।













