-मोदी, नीतीश की जोड़ी ने बिहार में विकास की गति दी : पवन सिंह
– पवन सिंह की चुनावी सभा में भीड़ हो गई बेकाबू
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
जिले के चिरैया विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को भाजपा नेता और भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की चुनावी जनसभा भीड़ बेकाबू होने के कारण निर्धारित समय से पहले समाप्त हो गई। यह सभा एनडीए प्रत्याशी लालबाबू प्रसाद गुप्ता के समर्थन में आयोजित की गई थी। शिकारगंज उच्च विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस सभा में हजारों की संख्या में लोग पवन सिंह को देखने और सुनने पहुंचे थे। उनके मंच पर पहुंचते ही ‘मोदी-नीतीश के जोड़ी हिट बा’ गीत बजने लगा, जिससे भीड़ में उत्साह देखा गया।
हालांकि, बढ़ते उत्साह के कारण भीड़ जल्द ही बेकाबू हो गई और बैरिकेडिंग तोड़कर मंच के करीब पहुंच गई। सुरक्षाकर्मियों के अथक प्रयासों के बावजूद स्थिति को संभालना मुश्किल हो गया। इसके परिणामस्वरूप, कार्यक्रम को निर्धारित समय से पहले ही समाप्त करना पड़ा।अपने संक्षिप्त संबोधन में पवन सिंह ने कहा कि मोदी और नीतीश की जोड़ी ने बिहार के विकास की दिशा बदल दी है।

उन्होंने चिरैया में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने की अपील की। पवन सिंह ने जनता से एनडीए प्रत्याशी लालबाबू प्रसाद गुप्ता को भारी मतों से विजयी बनाने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र में विकास का सिलसिला जारी रह सके।
उन्होंने डबल इंजन सरकार द्वारा सड़क, बिजली, शिक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में किए गए सुधारों का भी उल्लेख किया। भारी भीड़ और उत्साह के कारण पवन सिंह सभा में ज्यादा देर तक नहीं रुक पाए। मंच से उतरते समय उन्होंने ‘लालबाबू प्रसाद गुप्ता जिंदाबाद’ और ‘डबल इंजन सरकार एक बार फिर’ के नारे लगाए।वहीं, भाजपा प्रत्याशी और मौजूदा विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता ने अपने संबोधन में चिरैया विधानसभा में अपने दो कार्यकालों के दौरान हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि हर पंचायत में सड़क और पुलों का निर्माण हुआ है, साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सुधार हुआ है।गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि जनता का समर्थन इस बार भी एनडीए के साथ है और वे भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे। इस दौरान सभा में कुछ लोग राजद का झंडा फहराते हुए भी नजर आए।













