-चौसीमा कल्याणपुर के वार्ड नंबर 2 में विधानसभा चुनाव का बहिष्कार
— पुलिस कार्रवाई और इंसाफ की मांग पर ग्रामीणों का हंगामा
राजापाकर — संजय श्रीवास्तव।
बखरी बड़ाई पंचायत के चौसीमा कल्याणपुर ग्राम के वार्ड नंबर 2 के दर्जनों महिला-पुरुषों ने विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है। मंगलवार को ग्रामीणों ने हल्ला-हंगामा करते हुए कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक किसी भी राजनीतिक दल को वोट नहीं देंगे।
वार्ड सदस्य दिल मोहम्मद ने बताया कि 5 सितंबर को गांव में आइसक्रीम को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने वार्ड 2 के कई महिला-पुरुषों की बर्बरता पूर्वक पिटाई की थी। इस दौरान पुलिस हिरासत में लिए गए नासिर शाह की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल हाजीपुर में हो गई थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने जांच और मुआवजे का आश्वासन तो दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। दिल मोहम्मद ने कहा — “हमें न्याय नहीं मिला। प्रशासनिक अधिकारी सिर्फ आश्वासन देकर चले गए। इसलिए पूरे वार्ड ने मिलकर मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।”
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पुलिस ने 62 लोगों को नामजद करते हुए डेढ़ सौ अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है। कई लोग डर के कारण घर छोड़कर अन्यत्र चले गए हैं।
वार्ड के करीब 800 महिला-पुरुष मतदाताओं ने एकजुट होकर चुनाव बहिष्कार किया है। मौके पर सलाउद्दीन शाह, अकबर शाह, जमाल शाह, अनवर शाह, कमल शाह, सूफिया खातून, जन्नत परवीन समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।
#RajapakarNews #BiharElection2025 #VoteBoycott #ChausimaKalyanpur #JusticeForNasirShah #PoliceAction #MuzaffarpurLive #AwazJanataKi #ElectionProtest #A2ZNewsLive #आपकीबातदीपककेसाथ












