Advertisement

राजापाकर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भरी हुंकार — कहा, “नीतीश- मोदी सिर्फ कुर्सी के लिए राजनीति करते हैं”

-राजापाकर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भरी हुंकार — कहा, “नीतीश- मोदी सिर्फ कुर्सी के लिए राजनीति करते हैं”

राजापाकर — संजय श्रीवास्तव।

राजापाकर प्रखंड के उच्च विद्यालय बैकुंठपुर के खेल मैदान में सोमवार को महागठबंधन की आमसभा का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महागठबंधन उम्मीदवार प्रतिमा कुमारी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।

सभा की अध्यक्षता कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष पवन दास ने की और संचालन जिला अध्यक्ष महेश राय ने किया। इस अवसर पर महागठबंधन के सभी दलों के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अपने संबोधन में खड़गे ने कहा कि “यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। यदि कांग्रेस की सीटें कम हुईं तो गठबंधन को नुकसान होगा और भाजपा की सरकार बन जाएगी।” उन्होंने अपील की कि लोग पंजा छाप पर वोट देकर प्रतिमा कुमारी को विजयी बनाएं।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “नीतीश- मोदी सिर्फ कुर्सी के लिए राजनीति करते हैं, उन्होंने लोहिया और गांधी के आदर्शों को त्याग दिया है। भाजपा महिला विरोधी पार्टी है, जो गरीब और कमजोर वर्गों को दबाती है।”

खड़गे ने कहा कि बिहार महावीर और बुद्ध की भूमि है, लेकिन यहां 20 वर्षों में गरीबी और पलायन खत्म नहीं हुआ। “नीतीश कुमार ने नौ बार शपथ ली, लेकिन बिहार की स्थिति जस की तस है,” उन्होंने कहा।

प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए बोले — “मोदी जी हर जगह घूमते हैं, जैसे उनके घर में शादी का माहौल हो। कभी अमेरिका, कभी रूस, कभी चीन — क्या कोई प्रधानमंत्री इतना घूमता है?”

सभा में एक समय ऐसा भी आया जब राजद कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया, क्योंकि खड़गे ने अपने पूरे भाषण में लालू प्रसाद, तेजस्वी यादव या राबड़ी देवी का नाम नहीं लिया। इससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी दिखी।

वहीं, कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहार में अब महागठबंधन की लहर चल रही है और जनता बदलाव चाहती है।
कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिमा कुमारी ने अपने संबोधन में कहा — “पांच साल में क्षेत्र में सड़कों, पुल-पुलिया और विकास के कई कार्य किए गए हैं। यदि किसी से कोई शिकायत है तो मैं हाथ जोड़कर क्षमा चाहती हूं।”

कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी, केसी वेणुगोपाल, भूपेश बघेल, चिरंजीवी प्रसाद यादव, अखिलेश प्रसाद सिंह, गुरदीप राणा सहित बड़ी संख्या में महागठबंधन के कार्यकर्ता एवं नेता मौजूद थे।

🗳️ मुख्य बिंदु :

मल्लिकार्जुन खड़गे ने नीतीश-मोदी पर साधा निशाना

कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिमा कुमारी के पक्ष में की वोट की अपील

राजद कार्यकर्ताओं ने नेताओं का नाम न लेने पर जताया विरोध

सभा में कई राष्ट्रीय नेता रहे उपस्थित

 

#RajapakarElection #MallikarjunKharge #CongressRally #Mahagathbandhan #PratimaKumari #BiharElections2025 #VoteForPanja #A2ZNewsLive #आपकीबातदीपककेसाथ #PoliticalRally